शैक्षिक भ्रमण में छात्रों ने सीखी स्मार्ट पढ़ाई

– पीएम श्री विद्यालय में शैक्षिक भ्रमण कर स्मार्ट पढ़ाई सीखते छात्र।
फतेहपुर। जिले के बहुआ ब्लॉक में संचालित पीएम श्री विद्यालय सोनबरसा का ट्विनिंग (जुड़वाकरण) शैक्षिक कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत विद्यालय की ट्विनिंग जवाहर नवोदय विद्यालय बिंदकी से कराई गई, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आधुनिक शैक्षिक संसाधनों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। एआरपी अभिषेक आर्या, प्रमोद कुमार तथा शिक्षिकाएं आभा रानी लक्ष्मी और अन्विता शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में सोनबरसा विद्यालय की टीम नवोदय परिसर पहुंची। कैंपस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब के साथ म्यूजिक रूम, आर्ट रूम, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का अवलोकन किया। इस दौरान आधुनिक शिक्षण तकनीकों, लर्निंग टूल्स और शैक्षिक नवाचारों को समझते हुए उन्हें अपने अध्ययन में अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों विद्यालयों के शिक्षकों के बीच हुई परिचर्चा में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य निर्माण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने माना कि ऐसे संयुक्त कार्यक्रम छात्रों के आत्मविश्वास, ज्ञान और व्यावहारिक समझ को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य नीति उपाध्याय, लाइब्रेरियन भास्कर मणि त्रिपाठी समेत समस्त शिक्षकों ने आगंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि भविष्य में भी छात्र हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो और वे राष्ट्र के सशक्त मानव संसाधन के रूप में उभर सकें। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और सीखने की ललक पैदा की, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और समन्वय की एक नई मिसाल कायम हुई।

About NW-Editor

Check Also

काज़ी-ए-शहर का इंतकाल, उमड़ा जनसैलाब

– हसवा स्थित आबाई कब्रिस्तान में बाद नमाज जोहर हुए सुपुर्द-ए-खाक फतेहपुर। काज़ी-ए-शहर, आलिम-ए-दीन और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *