Breaking News

6 साल की बेटी के सामने टीचर की बेरहमी से हत्या, पहले स्कूटी में मारी टक्कर फिर डंडों से पीटा

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक इंटर कॉलेज के शिक्षक की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। शिक्षक स्कूल से अपनी 6 साल की बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उनकी स्कूटी में पिकअप से टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने शिक्षक पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया और सिर पर पत्थर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे कचनौंदा थाना क्षेत्र में गढ़ाघाट पेट्रोल पंप के पास हुई। हमले के दौरान शिक्षक की 6 साल की बेटी भी मौके पर मौजूद थी। पिता को बचाने के लिए बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई शिक्षक की मौत

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक तथा उनकी बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। शिक्षक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल बेटी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

मृतक शिक्षक की पहचान झरकौन गांव निवासी अभय लोधी (30) के रूप में हुई है। वह एक निजी इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। उनकी शादी करीब सात साल पहले रजनी से हुई थी। दोनों की 6 साल की बेटी भाग्यश्री है।

रिश्तेदारी के विवाद में हत्या का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया गया है कि अभय की बहन की शादी वर्ष 2022 में रामकुमार नाम के युवक से हुई थी। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, अप्रैल 2023 में रामकुमार ने पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद रामकुमार के परिवार की ओर से अभय और उनकी पत्नी के खिलाफ हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आत्महत्या की बात सामने आने की जानकारी दी थी। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश बनी हुई थी।

6 लोगों के खिलाफ नामजद FIR

मृतक की पत्नी रजनी ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके पति को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीओ सदर अजय कुमार के मुताबिक, घायल शिक्षक की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में दोनों पक्षों के रिश्तेदार होने की बात सामने आई है। मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि शिक्षक की 6 साल की बेटी ने अपनी आंखों के सामने पिता पर हमला होते देखा और खुद भी मारपीट का शिकार हुई।

About NW-Editor

Check Also

मथुरा में रिश्तों का कत्ल: सोनम, मुस्कान, रूबी से भी क्रूर निकली नैना, पत्नी ने बेटी और उसके प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, ठिकाने लगाई लाश

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *