फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के पधारा गांव निवासी जगदीश पुत्र स्व. रामनारायण 14 अगस्त को गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट दर्शन करने गए थे। लौटते समय पन्ना जिले के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर अचानक ब्रेक लगाने से ट्रॉली पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के करीब दस दिन बाद एक अन्य घायल महिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, हादसे में घायल एक व्यक्ति का कानपुर के हैलट अस्पताल में पिछले 20 दिनों से इलाज चल रहा था। आराम न मिलने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे सोमवार को लखनऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उसे वापस कानपुर लेकर आए और अस्पताल में भर्ती कराया।
आखिरकार इलाज के दौरान चौथे घायल व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। एक ही गांव के चार लोगों की मौत से पधारा गांव में मातम छा गया है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
News Wani
