Breaking News

महोबा में बैंक के बाहर 3 लाख की चोरी का खुलासा, राजगढ़ की दो महिलाएं गिरफ्तार; पूरी रकम बरामद

महोबा। कोतवाली नगर पुलिस ने बैंक के सामने से हुई तीन लाख रुपये की बड़ी चोरी का त्वरित खुलासा करते हुए दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने सफलता हासिल की। पुलिस ने गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं के कब्जे से चोरी किए गए पूरे तीन लाख रुपये नकद शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
बैंक के बाहर वारदात, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, बीते 31 अगस्त 2026 को इंडियन बैंक के सामने से 3 लाख रुपये चोरी होने के संबंध में कोतवाली नगर में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पवन गौड़, उपनिरीक्षक अंकित सिंह चौहान, महिला कांस्टेबल काजल सिंह और प्रिया सिंह की एक विशेष टीम गठित की गई। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वांछित महिला अभियुक्त हिना उर्फ रीना सिसौदिया (31 वर्ष) और सुनीता (56 वर्ष), निवासीगण ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के साथ बढ़ीं धाराएं, आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
अभियुक्तों के पास से पूरी राशि बरामद होने के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि पकड़ी गई अभियुक्त हिना एक शातिर चोर है, जिसके खिलाफ वाराणसी, फिरोजाबाद, शामली और लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी और धोखाधड़ी के कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों महिला अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में हजरत हाजी फीरोजशाह का सालाना उर्स, चादर जुलूस और कुल की फातिहा में उमड़े अकीदतमंद

महोबा। हजरत हाजी फीरोजशाह रहमत उल्ला अलैह का सालाना उर्स रविवार को अकीदत और उत्साह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *