Breaking News

लखनऊ में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, 15 बार चाकू से हमला; 400 मीटर भागने के बाद खेत में गिरा

लखनऊ। बख्शी का तालाब क्षेत्र के महिगवां में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे 25 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। रविवार देर रात हमलावरों ने छत पर सो रहे चौकीदार सतीश यादव पर ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल सतीश किसी तरह छत से नीचे खेत में पहुंचा और करीब 400 मीटर तक भागने के बाद गिर पड़ा।

ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सतीश को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। महिगवां पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल को उपचार के लिए केजीएमयू भेजा, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पांच दिन पहले ही शुरू की थी चौकीदारी

जानकारी के मुताबिक सतीश ने करीब पांच दिन पहले ही निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम शुरू किया था। रविवार रात वह मकान की छत पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और छत से नीचे खेत में जा गिरा।

इसके बाद सतीश ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन करीब 400 मीटर दूर जाने के बाद वह खेत में गिर पड़ा। एक ग्रामीण की नजर घायल युवक पर पड़ी तो उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

पुलिस ने सतीश के पिता की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। गांव में पूछताछ के साथ-साथ संदिग्ध लोगों और पुराने विवादों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे तीन प्रमुख पहलुओं की जांच कर रही है।

1. महिला से बातचीत का एंगल

पुलिस को जानकारी मिली है कि सतीश गांव की एक शादीशुदा महिला से लगातार फोन पर बातचीत करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच बातचीत होने की बात सामने आई है। घटना के बाद महिला का मोबाइल बंद बताया जा रहा है। पुलिस कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के जरिए इस पहलू की जांच कर रही है। महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है।

2. पुराने विवाद की जांच

सतीश का गांव के ही कुछ लोगों से करीब छह महीने पहले विवाद हुआ था। इस मामले में उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज हुआ था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने लगी थी। परिवार का कहना है कि घटना से दो दिन पहले भी सतीश का कुछ लोगों से विवाद हुआ था और उसे दौड़ाकर धमकी दी गई थी। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है।

3. पारिवारिक विवाद का पहलू

पुलिस को सतीश के परिवार से जुड़े विवादों की जानकारी भी मिली है। परिजनों के मुताबिक सतीश शराब का आदी था और इसी वजह से परिवार में अक्सर विवाद होता था। ननिहाल की जमीन बेचने को लेकर भी परिवार में मतभेद बताए जा रहे हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

दो दिन पहले दी गई थी धमकी

सतीश के छोटे भाई के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों ने उसके भाई को दौड़ाया था और उसे देख लेने की धमकी दी थी। परिवार को आशंका है कि इसी पुराने विवाद के चलते सतीश की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ शुरू कर दी है। कई पुलिस टीमों को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया है और स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

यूपी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में 50% बढ़ोतरी की तैयारी, 3.56 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

लखनऊ। चुनावी साल में उत्तर प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ा फैसला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *