Breaking News

बीवी के बर्थडे का जश्न पड़ा भारी: हाईवे पर स्टंटबाजी करने वाले पति को पुलिस ने पहुंचाया जेल

असम के गुवाहाटी से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति को अपनी पत्नी का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाना बहुत भारी पड़ गया. इस शख्स ने आधी रात को गुवाहाटी के एक फ्लाईओवर पर गाड़ियों की लाइन लगा दी, रेड कार्पेट बिछाया और गुब्बारों से पूरी सड़क सजा दी. जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने गुस्सा जाहिर किया, तो गुवाहाटी पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. पुलिस ने पति-पत्नी समेत 14 लोगों को हिरासत में ले लिया है.

यह हैरान कर देने वाली घटना गुवाहाटी के कुमार भास्कर वर्मा फ्लाईओवर की है. यहां 22 जून की आधी रात को करीब 12:30 बजे गौतम बरुआ नाम के एक शख्स ने अपनी पत्नी के लिए एक ग्रैंड सरप्राइज बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था. पार्टी को आलीशान बनाने के लिए फ्लाईओवर के एक हिस्से को गुब्बारों और सजावटी सामानों से सजाया गया था. इतना ही नहीं, सड़क पर बाकायदा एक लंबा रेड कार्पेट भी बिछाया गया था. इस सेलिब्रेशन में शामिल होने के लिए कई महंगी गाड़ियां फ्लाईओवर पर ही पार्क कर दी गईं, जिससे रास्ता ब्लॉक हो गया.

वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल

इस पूरी पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि कैसे कुछ लोग सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल अपनी प्राइवेट पार्टी के लिए कर रहे हैं. वीडियो के सामने आते ही लोगों ने गुवाहाटी पुलिस को टैग करना शुरू कर दिया और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. जनता का गुस्सा देखकर पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत जांच शुरू कर दी.

पुलिस का कड़ा एक्शन, 14 लोग हिरासत में

गुवाहाटी पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी गौतम बरुआ को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि इस पार्टी में शामिल 14 अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जिनमें गौतम की पत्नी भी शामिल है. पुलिस यहीं नहीं रुकी, उन्होंने इस आलीशान और गैरकानूनी पार्टी में इस्तेमाल की गई 4 लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है. इस हुड़दंगबाजी को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. मुख्य आरोपी गौतम बरुआ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 285 और 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है. ये धाराएं जनता की सुरक्षा को खतरे में डालने, सार्वजनिक रास्ते में रुकावट पैदा करने और न्यूसेंस फैलाने से जुड़ी हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है.

 

 

About NW-Editor

Check Also

“असम में NRC को लेकर नई मांग: जिनका नाम NRC में है, उनका वोटर लिस्ट में भी होना चाहिए”

ऑल असम माइनॉरिटी स्टूडेंट्स यूनियन (AAMSU) ने चुनाव आयोग से अपील की है कि वो यह सुनिश्चित करे कि जिनका नाम राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में है उनका वोटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *