– प्रमुख स्थानों पर रखी पानी की हौद, लोगों से भी की सहयोग की अपील
– हौद रखवाते समिति के पदाधिकारी।
फतेहपुर। भीषण गर्मी के चलते जहां इंसान बेहाल हैं, वहीं पशु-पक्षियों के सामने भी पानी का संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में युवा विकास समिति ने पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। समिति की ओर से शहर के प्रमुख स्थानों पर पानी की हौद रखकर नियमित रूप से पानी भरवाया जा रहा है, ताकि गर्मी में बेजुबानों को राहत मिल सके। समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गर्मी के मौसम में इंसानों की तरह पशु-पक्षियों को भी पानी की सख्त जरूरत होती है। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत कार्यालय, तामेश्वर मंदिर और गांधी पार्क समेत कई स्थानों पर पानी की हौद रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पड़ रही भीषण गर्मी में पानी किसी अमृत से कम नहीं है। इंसान तो अपनी प्यास बुझाने के लिए कहीं भी पानी मांग सकता है, लेकिन पशु-पक्षी प्यास से तड़पते रहते हैं। कई बार पानी की कमी के कारण उनकी मौत तक हो जाती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर की छत या बाहर किसी बर्तन में पानी रख दे तो कई पक्षियों की जान बचाई जा सकती है। समिति गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस नेक कार्य से जुड़ सकें। इस दौरान युवा विकास समिति के जिलाध्यक्ष कंचन, संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी, आफताब, विकास श्रीवास्तव, दीप कुमार और उपमन सरस्वती महाराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

News Wani