Breaking News

अमेरिका में खराब मौसम का कहर: 6 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित, समुद्र में ऊंची लहरों से तटीय इलाकों पर बाढ़ का खतरा

वॉशिंगटन। अमेरिका में थैंक्सगिविंग त्योहार के दौरान खराब मौसम और शक्तिशाली तूफानों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर आए तूफान के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। बुधवार को 6 हजार से अधिक उड़ानों में देरी हुई, जबकि करीब 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इससे त्योहार मनाने के लिए अपने घरों और परिवारों तक पहुंचने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

तूफान का असर अमेरिका के कई तटीय क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कैलिफोर्निया और सैन डिएगो के आसपास समुद्र का जलस्तर काफी ऊपर पहुंचने से तटीय ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

समुद्र में ऊंची लहरों से बढ़ी चिंता

अमेरिका के पश्चिमी तट पर तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों ने परेशानी बढ़ा दी है। सैन डिएगो के आसपास समुद्र का पानी पुराने रिकॉर्ड के स्तर से भी ऊपर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। वहीं पूर्वी तट पर भी समुद्र का जलस्तर बढ़ने का अनुमान है। डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

देश के मध्य हिस्सों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में भी तेज हवाओं और बारिश का एक और दौर आने की संभावना है।

थैंक्सगिविंग के मौके पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी

अमेरिका में थैंक्सगिविंग प्रमुख त्योहारों में शामिल है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में हजारों उड़ानों में देरी और रद्द होने से यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पूर्वी अमेरिका में खराब मौसम के चलते थैंक्सगिविंग के दिन भी हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। अटलांटा एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है।

खराब मौसम के कारण परेड कार्यक्रम भी प्रभावित

तूफान और तेज हवाओं का असर त्योहार से जुड़े आयोजनों पर भी पड़ा है। न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाली थैंक्सगिविंग डे परेड को शनिवार तक के लिए टालने का फैसला लिया गया है। यह परेड का 100वां वर्ष है।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया। आयोजक मैसीज ने भी लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है। वहीं फिलाडेल्फिया में होने वाली थैंक्सगिविंग परेड भी रद्द कर दी गई है।

मियामी एयरपोर्ट पर रनवे से आगे निकला मालवाहक विमान

मौसम की खराब स्थिति के बीच मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात FedEx का एक मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। घटना के बाद एयरपोर्ट के चार में से तीन रनवे कुछ समय के लिए बंद करने पड़े।

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 8:40 बजे हुई। भारी बारिश के बीच विमान उतर रहा था। सूचना मिलते ही मियामी-डेडी फायर रेस्क्यू की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने मामले की जांच की बात कही है।

About NW-Editor

Check Also

ट्रम्प की पसंद बदली, वेंस की बढ़ी मुश्किलें: 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में विदेश मंत्री मार्को रुबियो को आगे बढ़ाने के संकेत

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजनीति में वर्ष 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अभी से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *