गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में बैग से बरामद हुए 50 लाख रुपये

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन रोड पर शुक्रवार की शाम पुलिस ने 50 लाख रुपये नकद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा, जब कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला तो कैंट पुलिस और आयकर विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई. इसके बाद मशीन से रुपये गिने गए और पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी गई, लेकिन पुलिस की जांच में यह हवाला का मामला सामने आ रहा है .

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 52 साल का राजीव जायसवाल उर्फ राजू सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज का रहने वाला है. कस्बे में ही वह पर्स, बैग और बेल्ट की दुकान चलाता है. शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे राजीव बस से गोरखपुर पहुंचा था. बस से उतरने के बाद वह पैदल ही धर्मशाला बाजार की ओर गया. वहां स्कूटी सवार दो युवक पहले से मौजूद थे, जिन्होंने उसे पैसों से भरा एक बैग सौंप दिया.इसके बाद राजीव जायसवाल उसी बैग को लेकर पैदल ही रेलवे स्टेशन की तरफ बढ़ने लगा. गेट नंबर 6 के पास रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी सुधांशु सिंह की नजर उस पर पड़ी. संदिग्ध गतिविधि (suspicious activity) देखकर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह घबराकर भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जब उसके कंधे पर टंगे बैग की तलाशी ली गई तो अंदर बड़ी मात्रा में नकदी देखकर पुलिस टीम चौंक गई. पूछताछ में राजीव जायसवाल ने बताया कि पैसों से भरा बैग देने वाले युवकों को वह नहीं जानता. रुपये उसे फरेंदा ले जाना था. वह बस से फरेंदा जाने की तैयारी में था.राजीव ने यह भी दावा किया कि उसके भांजे ने फोन पर बताया था कि वही जानता है कि स्कूटी सवार युवक कौन थे और पैसे किसके हैं. हालांकि, इस बारे में वह कोई ठोस दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी पुलिस को नहीं दे सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को जानकारी दी. नकदी को सुरक्षित तरीके से सील कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि एक व्यक्ति के पास से 50 लाख रुपए मिले. कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया गया. ऐसे में मामले को आयकर विभाग को सौंप दिया गया है.

About NW-Editor

Check Also

“अविमुक्तेश्वरानंद का बयान: बोले— योगी CM या महंत में से एक पद चुनें, टिप्पणी से सियासी बहस तेज”

प्रयागराज माघ मेला छोड़ने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों काशी में हैं। यहां सोमवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *