Breaking News

नेहरू महाविद्यालय में उपेक्षा का आरोप, प्रतिमा के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। पंडित जवाहरलाल नेहरू जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में छात्रों ने प्रथम प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में प्रतिमा की बदहाल स्थिति और साफ-सफाई की अनदेखी को लेकर छात्रों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रनेता लव सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र महाविद्यालय परिसर में एकत्र हुए। सभी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। इसके बाद छात्रों ने प्रतिमा के आसपास फैली गंदगी और लंबे समय से रंगाई-पुताई नहीं कराए जाने पर सवाल उठाए।

छात्रनेता लव सिन्हा ने कहा कि जिस महाविद्यालय का नाम देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर रखा गया है, वहां उनकी प्रतिमा की उचित देखरेख नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा का अनावरण पूर्व प्रधानमंत्री एवं तत्कालीन केंद्रीय वाणिज्य मंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने किया था। इसके बावजूद जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन की ओर से न तो माल्यार्पण किया गया और न ही कोई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

छात्रों ने प्राचार्य के समक्ष प्रतिमा का जीर्णोद्धार कराने, रंगाई-पुताई और आसपास नियमित साफ-सफाई कराने की मांग रखी। उनका कहना है कि महापुरुषों का सम्मान किसी राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए। यह देश के इतिहास और सम्मान से जुड़ा विषय है।

छात्रनेता कार्तिक आनंद ने कहा कि महापुरुषों और देश के प्रथम प्रधानमंत्री का सम्मान करना प्रत्येक शिक्षण संस्थान की नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं छात्रनेता एवं अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर अभिषेक तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो छात्र एकजुट होकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।

इस मौके पर छात्रनेता योगेंद्र पाल, कार्तिक आनंद, अभिषेक तिवारी, लियाकत अली, अमित कुमार प्रभाकर, अनुभव सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में थाना समाधान दिवस पर 56 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *