Breaking News

पासी समाज के सम्मेलन में शिक्षा और सामाजिक बदलाव का उठा मुद्दा, महापुरुषों के योगदान को किया याद

फतेहपुर। शहर की नहर कॉलोनी स्थित पटेल नगर चौराहे के समीप रविवार को पासी जन जागृति संघ के तत्वावधान में पासी स्वाभिमान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज की शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति के साथ आपसी एकता, भाईचारे, नशामुक्ति तथा महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एडीजीपी एवं आईपीएस रमेश चंद्र कैथल रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त डीआईजी रामतीर्थ परमहंस, सीएल सरोज एवं मनका प्रसाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष कुमार ने की।

मुख्य वक्ता प्रो. अशोक कुमार कैथल ने शिक्षा को समाज की प्रगति और सशक्तीकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। रामलखन पासी, मैनेजर संतोष कुमार, मन्नू पासी, मनका पासी सहित अन्य वक्ताओं ने युवाओं से उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के साथ मीडिया के क्षेत्र में भी अपनी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित, संगठित और जागरूक समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

सम्मेलन में महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव पासी, महाराजा लाखन पासी और वीरांगना ऊदा देवी पासी के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष, शौर्य और बलिदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। विशेष रूप से वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना ऊदा देवी के अदम्य साहस और बलिदान का उल्लेख किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने और संविधान से प्राप्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।

सम्मेलन में नशामुक्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, चरित्र निर्माण तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रकाश बाबू, मुकेश कुमार, जगतपाल, देवेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, जितेंद्र कुमार, रामदास, अनिल कुमार, सुमेर कुमार, मनोज कुमार, भैयालाल, इंद्रसेन, एडवोकेट योगेश कुमार, नयन सिंह, राजेश रावत, प्रभात कुमार, रामसेवक, धर्मेंद्र कुमार व आशीष कुमार सहित आयोजन मंडल एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

About NW-Editor

Check Also

28 करोड़ की नौबस्ता सड़क पर निर्माण की सुस्त रफ्तार, धूल के गुबार से राहगीरों का सफर मुश्किल

खागा, फतेहपुर। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से 11 किलोमीटर लंबी बनने वाली नौबस्ता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *