फतेहपुर। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भूमाफियाओं और दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन की बार-बार की कार्रवाई और चेतावनी के बाद भी सरकारी भूमि पर कब्जे के प्रयास जारी हैं। ऐसा ही एक मामला बिंदकी तहसील क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में सामने आया है। यहां सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण कराने के आरोप में पुलिस ने कुंदन पुत्र मुन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राथमिकी के अनुसार, गांव की गाटा संख्या 327, जिसका रकबा 0.2100 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 328, जिसका रकबा 0.3090 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में नवीन परती यानी सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव निवासी कुंदन गाटा संख्या 327 की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान का निर्माण करा रहा था।
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व और पुलिस की टीम कई बार मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाते हुए सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण न कराने की सख्त हिदायत दी। इसके बावजूद आरोपी चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखे हुए था।
शिकायतकर्ता हरीश कुमार सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने कई बार मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने की शिकायत अधिकारियों से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने कुंदन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(5) और 329(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
News Wani
