कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में गणतंत्र दिवस की सुबह एक भयानक हादसा हुआ. यहां नजीराबाद इलाके (नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र) में अगल-बगल स्थित दो गोदामों में आग लग गई. इस भीषण अग्निकांड में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने में दमकल की 12 गाड़ियों को 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. मरने वालों के शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. यह हादसा तब हुआ जब लोग गहरी नींद में थे. विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे सरकार की लापरवाही बताते हुए तीखा हमला बोला है.
मोमो और डेकोरेशन कंपनी के मजदूर बने शिकार: पुलिस के मुताबिक, आग रात करीब 3 बजे लगी और सुबह 10 बजे तक इस पर काबू पाया गया. इन गोदामों में एक साज-सज्जा (Decoration) का सामान रखने वाली कंपनी थी और दूसरी मोमो बेचने वाली कंपनी. शाम 5 बजे मलबे से 3 शव निकाले गए, बाद में 4 और शव मिले. बताया जा रहा है कि अंदर काम करने वाले मजदूर पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर के रहने वाले थे. बिजली मंत्री अरूप बिस्वास और दमकल मंत्री सुजीत बोस मौके पर पहुंचे. कोलकाता नगर निगम की टीम दीवारों को तोड़कर धुआं निकालने और मलबे में दबे लोगों को खोजने में जुटी है.
चाचा का फोन बंद है’, अपनों की तलाश में भटक रहे लोग: हादसे के बाद गोदाम के बाहर मंजर बेहद दर्दनाक था. लापता लोगों के परिजन बदहवास होकर अपनों को तलाश रहे थे. तन्मय गिरि नाम के युवक ने बताया कि उसके चाचा गोदाम के छोटे कमरों में रहते थे. रात 1 बजे आखिरी बार बात हुई थी, अब फोन बंद आ रहा है. एक अन्य युवक ने बताया कि उसके पिता मोमो यूनिट में नाइट शिफ्ट में आए थे, उनका भी कोई पता नहीं है. आधिकारिक तौर पर 6 लोग लापता बताए गए थे, लेकिन परिवारों का दावा है कि यह संख्या 10 से ज्यादा हो सकती है.
लाशों पर सियासत: शुभेंदु बोले- सरकार छुट्टी मना रही: इस त्रासदी पर राजनीति भी शुरू हो गई है. बीजेपी नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “इतनी भीषण आग लगी है और मंत्री-अधिकारी गणतंत्र दिवस की छुट्टी मना रहे हैं. इन्हें गरीबों की कोई चिंता नहीं है. यह सरकार जितनी जल्दी जाए, उतना अच्छा है.” वहीं, मंत्री अरूप बिस्वास ने पलटवार करते हुए कहा कि यह राजनीति करने का वक्त नहीं है. फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है कि आग कैसे लगी.
News Wani
