फतेहपुर। मौसम में लगातार गिरते तापमान, कोहरे और पाले का असर अब फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। ऐसे में किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। पाला पड़ने से केला, मिर्च, टमाटर और मटर जैसी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। इसे देखते हुए उद्यान विभाग ने किसानों को फसलों को पाले से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि कम तापमान, कोहरा, पाला और बूंदाबांदी के कारण केले की फसल को काफी नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा सब्जियों की फसलें भी प्रतिकूल मौसम की चपेट में आ सकती हैं।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार समय-समय पर सिंचाई करते रहें। पौधशालाओं में लगे छोटे पौधों को पाले और कोहरे से बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए पौधों और बगीचों को पॉलीथिन अथवा टाट से ढककर सुरक्षित रखा जा सकता है।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से मौसम के उतार-चढ़ाव को देखते हुए सतर्क रहने और समय रहते बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है, ताकि फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
News Wani
