न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। कांग्रेस संगठन में राजेश दीक्षित का कद एक बार फिर बढ़ा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें लगातार चौथी बार बांदा जिले का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा प्रदेश प्रभारी व पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता पर भरोसा जताते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
राजेश दीक्षित के दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिलते ही जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। मनोनयन के बाद कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान शिवपूजन तिवारी और बांदा नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन संजय गुप्ता सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से जुटना होगा। पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह पूरी सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर बांदा कांग्रेस शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, जिला कांग्रेस कार्यालय प्रभारी शिवबली सिंह, जिला उपाध्यक्ष बल्देव वर्मा, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, जिला सचिव हेमंत कुमार वर्मा, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, लालबाबू राजपूत, छेदीलाल धुरिया, शब्बीर सौदागर, सैय्यद वारिस अली, अली बख्श और वीरेंद्र धुरिया सहित अनेक कांग्रेसजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
News Wani
