Breaking News

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम-एसपी सख्त, नाबालिग ई-रिक्शा चालकों और नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, अवैध पार्किंग पर लगेगी रोक

न्यूज़ वाणी संवाददाता, फतेहपुर।

फतेहपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने और सर्दियों में कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए। नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने और बिना पंजीकरण के संचालित ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में संचालित कोई भी वाहन बिना परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र के नहीं चलना चाहिए। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जाए।

हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के चालान करने के निर्देश दिए गए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कोहरे से पहले दुरुस्त होंगी सड़कें

आगामी दिनों में कोहरे की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए। हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर सफेद पट्टी, स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप और संकेतक बोर्ड लगवाए जाएंगे। सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई के साथ वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कम दृश्यता के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

ईंट ढुलाई करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भी नजर

जिलाधिकारी ने खनन विभाग को निर्देशित किया कि ईंट-भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी कर ईंट ढुलाई में इस्तेमाल होने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। ट्रॉलियों पर सफेद पेंट और रिफ्लेक्टर लगवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा सड़क निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं को गड्ढायुक्त मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। सड़क इंजीनियरिंग में सुधार के लिए समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों की एक सप्ताह के भीतर तकनीकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर कार्रवाई, लगातार चेतावनी के बाद भी नहीं माना आरोपी

फतेहपुर। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामले थमने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *