Breaking News

सावन के आखिरी सोमवार पर कानपुर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, आनंदेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कानपुर। सावन मास के आखिरी सोमवार पर कानपुर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परमट स्थित श्री आनंदेश्वर मंदिर, नंदेश्वर धाम, जागेश्वर धाम, वनखंडेश्वर, सिद्धनाथ और बिहारेश्वर समेत कई मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए।

श्री आनंदेश्वर मंदिर में रविवार रात करीब 12 बजे से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। भोर करीब दो बजे मंगला आरती के बाद कपाट खोले गए। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सुबह नौ बजे तक एक लाख से अधिक और दोपहर 12 बजे तक करीब दो लाख श्रद्धालु बाबा आनंदेश्वर के दर्शन कर चुके थे। कांवड़िए भी गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

दर्शन के बाद एक महिला भक्त भावुक होकर फूट-फूटकर रोने लगी। महिला ने कहा कि बाबा के आराम से दर्शन हो गए। मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का ऐसा माहौल रहा कि पूरे परिसर में लगातार हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

350 से अधिक सेवादार संभाल रहे व्यवस्था

श्री आनंदेश्वर मंदिर व्यापारिक सेवा समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र बाजपेई के मुताबिक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 350 से अधिक सेवादार तैनात किए गए हैं। महिला सेवादार भी व्यवस्था में सहयोग कर रही हैं। दिव्यांग श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर के जरिए दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है।

150 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी

भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। मंदिर के बाहर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है।

गंगा का जलस्तर बढ़ने पर परमट घाट से प्रवेश बंद

गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण परमट घाट की ओर से मंदिर में प्रवेश बंद कर दिया गया है। घाट पर बैरिकेडिंग के साथ जल पुलिस और गोताखोरों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए परमट घाट पर स्नान पर भी रोक लगाई गई है।

अन्य शिवालयों में भी भक्तों की कतार

नवाबगंज के जागेश्वर मंदिर में सुबह करीब चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हाथीगांव के नंदेश्वर धाम में भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। वनखंडेश्वर मंदिर में भी जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बिहारेश्वर मंदिर में भक्तों ने दर्शन के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

नरवल क्षेत्र में बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। तेज बारिश के बीच भी भक्त नंदेश्वर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। खेरेश्वर घाट पर पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों को अलर्ट रखा गया। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने रात करीब तीन बजे घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं के दर्शन पूरे होने के बाद ही रात में शयन आरती की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में गंगा स्नान के दौरान दो मौसेरे भाई डूबे, तेज बहाव में तलाश अभियान जारी

कानपुर के बिठूर स्थित गुदारा गंगा घाट पर सोमवार सुबह स्नान के दौरान दो मौसेरे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *