Breaking News

प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने सुनाई श्रीरामभक्त माता शबरी की कथा; भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के भजनों की धुन पर झूमे हजारों मंत्रमुग्ध श्रद्धालु श्रोता

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। शहर के पंडित जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में गुरुवार को पांच दिवसीय श्रीभक्त चरित्र कथा का भक्तिमय शुभारंभ हुआ। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रख्यात कथावाचक इंद्रेश जी महाराज ने भगवान श्रीराम की अनन्य भक्त माता शबरी के जीवन प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति का संदेश दिया। कथा के पहले ही दिन हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।

वृंदावन से बांदा पहुंचे इंद्रेश जी महाराज ने व्यास पीठ और तुलसी पूजन के साथ कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने बांदावासियों की धार्मिक आस्था और श्रद्धा की सराहना करते हुए वर्ष 2016 और 2018 में यहां आयोजित कथाओं से जुड़े संस्मरण भी साझा किए।

माता शबरी के चरित्र का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी भक्ति के तीन प्रमुख आधार परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा हैं। शबरी ने लंबे समय तक प्रभु श्रीराम के आगमन की प्रतीक्षा की और अपनी अनन्य भक्ति से भगवान को प्रसन्न किया। महाराज ने कहा कि सच्चे भक्त की पुकार पर भगवान स्वयं उसके पास आते हैं।

उन्होंने हनुमान जी, सुग्रीव, विभीषण, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर और सुदामा सहित अनेक भक्तों के प्रसंग सुनाते हुए हरिवल्लभ भक्तों की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की प्राप्ति केवल मनुष्य के प्रयास से नहीं, बल्कि प्रभु की कृपा और इच्छा से होती है। भक्त का निरंतर स्मरण और प्रार्थना ही भगवान से जुड़ने का माध्यम है।

इंद्रेश जी महाराज ने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कम से कम तीन बार भगवान का स्मरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भक्ति का क्रम लगातार आगे बढ़ना चाहिए और प्रत्येक दिन भगवान के प्रति श्रद्धा और समर्पण में वृद्धि होनी चाहिए।

कथा के मुख्य संरक्षक सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपनी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, पुत्र देवांश द्विवेदी और पुत्रवधू डॉ. जिज्ञासा के साथ व्यास पीठ का विधिवत पूजन किया। इसके बाद कथावाचक का माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर कथा श्रवण किया और व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया।

भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु

कथा के दौरान भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के भजनों ने पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया। गोस्वामी तुलसीदास की विनय पत्रिका के प्रसिद्ध पद ‘को उदार जग माहीं, बिन सेवा जो द्रवै दीन पर, राम सरिस कोउ नाहीं’ का सामूहिक गायन कराया गया। इसके अलावा ‘अगर उनसे मिलने की दिल में तमन्ना, तो करते रहो यतन धीरे-धीरे’ भजन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।

जब कथावाचक ने बांदावासियों की ओर से ठाकुर जी को बांदा आने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया, तो पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ उसका स्वागत किया।

22 समितियां संभाल रहीं आयोजन की जिम्मेदारी

पांच दिवसीय कथा आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान की ओर से 22 समितियों का गठन किया गया है। संस्थान के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे और अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ के मार्गदर्शन में सभी समितियों के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

आयोजन के अंतर्गत स्वागत, मंच, पेयजल, आर्थिक प्रबंधन, मीडिया, पुलिस-प्रशासन समन्वय, अनुशासन, बिजली, महिला बैठक व्यवस्था, सफाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रसाद वितरण, आवास, प्रचार और वाहन पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

कथा के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया। आने वाले दिनों में भी श्रीभक्त चरित्र कथा के माध्यम से भक्तों को भगवान के विभिन्न भक्तों के जीवन प्रसंगों और भक्ति के महत्व से परिचित कराया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

बाल विवाह रोकने को बांदा में जागरूकता अभियान तेज, ग्रामीणों को दिलाया जाएगा बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद बांदा में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *