Breaking News

फतेहपुर में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल, 50 लाख बीमा और परिवार को 10 हजार मासिक पेंशन की उठी मांग

फतेहपुर। व्यापारी वर्ग को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने पहल तेज कर दी है। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार से मुलाकात कर पंजीकृत व्यापारियों के हित में पेंशन योजना लागू किए जाने समेत कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

किशन मेहरोत्रा ने कहा कि व्यापारियों को केवल राजस्व देने वाले वर्ग के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उनके परिवार और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्यकर विभाग में पंजीकृत व्यापारियों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध है। उन्होंने इसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि दुर्घटना बीमा की राशि बढ़ने से लघु एवं सूक्ष्म स्तर पर कारोबार करने वाले अधिक से अधिक व्यापारी राज्यकर विभाग में पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे व्यापारियों को सुरक्षा मिलने के साथ ही सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

व्यापार मंडल ने यह भी मांग रखी कि यदि किसी व्यापारी की दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो उसके आश्रित परिवार को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की व्यवस्था की जाए। इससे परिवार के सामने अचानक उत्पन्न होने वाले आर्थिक संकट को कम किया जा सकेगा और बच्चों की शिक्षा समेत अन्य जरूरी खर्च प्रभावित नहीं होंगे।

संगठन की ओर से बताया गया कि जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र भेजकर राज्यकर विभाग में पंजीकृत व्यापारियों के लिए 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और दुर्घटना में दिवंगत व्यापारी के परिवार को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दिए जाने की मांग की जाएगी।

राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार ने व्यापारी संगठन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।

व्यापार मंडल ने कहा कि प्रदेश के शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार करने वाले व्यापारियों के परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए इन मांगों को शासन स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सड़क हादसों ने छीनी दो युवकों की जिंदगी, एक ने कानपुर में तोड़ा दम; दूसरा जिला अस्पताल में मृत

फतेहपुर। विगत चार दिनों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *