फिलीपींस के जाम्बोआंगा शहर में मंगलवार को स्कूल परिसर में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। एक छात्र ने पहले शिक्षक को निशाना बनाया और इसके बाद अपने ही क्लासमेट पर गोली चला दी। हमले में दो सुरक्षा गार्डों की भी मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना एटेनियो डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी के स्कूल कैंपस में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कक्षा 9 का छात्र मोहम्मद मैल जलानी था और वह दो पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था। उसने पहले एक शिक्षक पर फायरिंग की, हालांकि शिक्षक बच गए। इसके बाद उसने कक्षा 10 के एक छात्र को गोली मार दी।
फायरिंग के बाद आरोपी स्कूल की ऊपरी मंजिल पर पहुंचा और वहां से कूदकर खुदकुशी कर ली। फिलीपींस के गृह मामलों के मंत्री जॉनविक रेमुल्ला के मुताबिक, आरोपी हमले के दौरान फेसबुक पर लाइव वीडियो भी बना रहा था।
घटना के तुरंत बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और स्कूल प्रशासन ने सीनियर हाईस्कूल की कक्षाएं रोक दीं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्कूल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
शिक्षा विभाग ने घटना से प्रभावित छात्रों, उनके परिवारों और स्कूल कर्मचारियों को काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि वाले फोटो, वीडियो और दावों को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
फिलीपींस में करीब दो महीने के भीतर स्कूल में गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले जून में ताकलोबान शहर के एक स्कूल में हुई फायरिंग में तीन छात्रों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा और छात्रों तक हथियारों की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
News Wani
