गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला। पार्टी जिला कार्यालय से शुरू हुआ मार्च सरयू पाण्डेय पार्क पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। मार्च का नेतृत्व केंद्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा और जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने किया। कार्यकर्ताओं ने एसआईआर को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर नारे लगाए। पार्टी के अनुसार मार्च में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने एसआईआर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के मताधिकार एवं नागरिकता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर भी सवाल उठाए। जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने इन मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने की अपील की। सभा के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने, एसआईआर रद्द करने, मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों के नाम पुनः जोड़ने और एसआईआर के जरिए हुए विधानसभा चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने समेत विभिन्न मांगें रखी गईं।

News Wani