फतेहपुर /चौडागरा :- फतेहपुर। मलवां विकासखंड के चौडगरा स्थित गोकुल धाम कॉलोनी में शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को सहकार फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक आमसभा एवं प्री-रबी कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पादन और कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन को लेकर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कंपनी निदेशक स्वंबर सिंह ने की, जबकि संचालन निदेशक रमाकांत त्रिपाठी ने किया। कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के कृषि वैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र सिंह और कृषि वैज्ञानिक साधना वैश्य सहित कंपनी के निदेशक मंडल के सदस्यों, कर्मचारियों और किसान सदस्यों ने सहभागिता की।
गोष्ठी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और रसायनमुक्त भोजन के उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। किसानों को खेती में जैविक तरीकों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही कंपनी के विकास, किसानों को अधिक लाभ दिलाने और कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में FPO को और मजबूत बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। किसान उत्पादक संगठन के अध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि FPO परिवार से अब तक करीब 600 किसान जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को लगातार जैविक और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद तैयार करने और सामूहिक रूप से उनके बेहतर विपणन की दिशा में काम करने की अपील की। बैठक में किसानों की समस्याओं और आगामी रबी सीजन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
News Wani
