लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 में गुरुवार तड़के पटाखे और गद्दों की दुकानों में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे पटाखे एक के बाद एक फूटने लगे। करीब दो घंटे तक लगातार धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में रहे। आग की लपटें और जलते पटाखों की चिंगारियां आसपास के घरों तक पहुंचने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पटाखे फूटने से इलाके में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, आग भवानी चौराहे से चंद्रिका टावर जाने वाली सड़क पर नोट बुक के सामने खाली प्लॉट और फुटपाथ पर संचालित दुकानों में लगी। यहां गद्दे, पटाखे और सब्जियों की दुकानें मौजूद थीं। आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं और पटाखों में विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। जलते पटाखों की चिंगारियां घरों की ओर जाने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
अवैध कब्जों को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद जानकीपुरम विस्तार संयुक्त कल्याण महासमिति के महासचिव विनय कृष्ण पांडेय ने क्षेत्र में फुटपाथ और खाली प्लॉटों पर हो रहे कथित अवैध कब्जों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भवानी बाजार से चंद्रिका टावर तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और खाली जमीन पर दुकानें संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन दुकानों को बिजली और पानी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महासमिति के पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और फुटपाथों पर संचालित दुकानों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
News Wani
