Breaking News

लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने, खड़गे के स्वागत में जुटे पार्टी नेता

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी की है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से मार्च की अनुमति नहीं मिलने के बाद पार्टी और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुमति मिले या नहीं, पार्टी अपना मार्च निकालने के फैसले पर कायम है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना ने प्रशासन के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी ने शांतिपूर्ण मार्च के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन उसे मंजूरी नहीं दी गई। उन्होंने इसे सरकार की घबराहट बताते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।

लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और हजरतगंज क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं। कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे और संविधान की प्रस्तावना की प्रतियां दिखाई दीं।

मल्लिकार्जुन खड़गे का जोरदार स्वागत

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

पार्टी कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया। खड़गे सबसे पहले अंबेडकर महासभा परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे।

इमरान मसूद ने अजय राय को लगाया गले

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इसी दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पहुंचने पर सांसद इमरान मसूद ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, अजय कुमार लल्लू, इमरान प्रतापगढ़ी और अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।

मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ के सदर विधानसभा क्षेत्र में अंतिम ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 13,150 मतदाताओं के नाम और उनके पिता के नाम बदल दिए गए, जबकि ईपीआईसी और क्रम संख्या समान बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज करा रही है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है।

वोट रक्षक अभियान भी चलाएगी कांग्रेस

कांग्रेस ने संविधान रक्षा कार्यक्रम के साथ वोट रक्षक अभियान चलाने की भी घोषणा की है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे। पार्टी का दावा है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी पहचान कर उन्हें मतदान का अधिकार दिलाने में सहायता की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना पढ़ने और उसकी रक्षा की शपथ लेने की भी तैयारी है।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कोशिश

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर रही है। खड़गे का लखनऊ दौरा भी संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर भी काम कर रही है।

फिलहाल संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस के तेवर और प्रशासन की सख्ती के बीच लखनऊ का राजनीतिक माहौल गर्म है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन की रोक के बावजूद कांग्रेस अपने प्रस्तावित मार्च को किस तरह आगे बढ़ाती है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान दुर्घटना की मॉक ड्रिल, इमरजेंसी टीम ने किया यात्रियों के बचाव का अभ्यास

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *