Breaking News

उमरिया फुटबॉल प्रतियोगिता में फिल्मी गानों पर डांस का वीडियो वायरल, सांस्कृतिक कार्यक्रम पर उठे सवाल

उमरिया। अमर शहीद स्टेडियम उमरिया में आयोजित राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुति: जानकारी के अनुसार, 15 जून को आयोजित प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। इसी दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए आमंत्रित ज्वाला ग्रुप द्वारा मंच पर फिल्मी गानों पर युवतियाें ने डांस किया।

आयोजन की गरिमा और उद्देश्य के अनुरूप नहीं थीं प्रस्तुतियां: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ प्रस्तुतियों को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। आलोचकों का कहना है कि स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में इस तरह की प्रस्तुतियां आयोजन की गरिमा और उद्देश्य के अनुरूप नहीं थीं। उनका तर्क है कि जब कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र और खिलाड़ी मौजूद थे, तब सांस्कृतिक कार्यक्रम की विषयवस्तु अधिक मर्यादित और शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप होनी चाहिए थी। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने इस विवाद को अनावश्यक बताया है। उनका कहना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम किसी भी बड़े आयोजन का हिस्सा होते हैं और प्रस्तुत किए गए नृत्य को सामान्य मनोरंजन कार्यक्रम के रूप में देखा जाना चाहिए।

स्कूल शिक्षा विभाग या जिला प्रशासन से नहीं आई प्रतिक्रिया: वीडियो वायरल होने के बाद आयोजन समिति और संबंधित विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। कई लोगों का कहना है कि किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से पहले उसकी सामग्री और स्वरूप की समीक्षा की जानी चाहिए थी, ताकि बाद में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक स्कूल शिक्षा विभाग या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे लेकर लोगों के बीच बहस जारी है। यदि प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया जाता है, तो मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *