Breaking News

स्मारक व सड़कों पर दर्ज हो वीरों का नाम: विद्या भूषण

– पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की हुई मासिक बैठक
– बैठक को संबोधित करते अध्यक्ष विद्या भूषण तिवारी।
फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक मंगलवार को तहसील परिसर में कैप्टन रामराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत असम के जोरहाट में हुए भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में शहीद हुए पांच जांबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइंग लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर खेमाराम तथा दानिश आलम की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने कहा कि जिले की धरती ने प्रथम विश्व युद्ध से लेकर आज तक देश को सैकड़ों वीर योद्धा दिए हैं, जिन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए राष्ट्र रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि जनपद के अनेक सैनिक कीर्ति चक्र सहित कई प्रतिष्ठित सैन्य अलंकरणों से सम्मानित हो चुके हैं, लेकिन आज भी जिले में किसी प्रमुख सड़क, स्मारक, प्रवेश द्वार अथवा सार्वजनिक स्थल का नाम किसी शहीद के नाम पर नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को केवल कुछ दिनों तक याद कर लेना पर्याप्त नहीं है। यदि उनके नाम पर स्मारक, सड़कें और सार्वजनिक स्थल बनाए जाएं तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को इस दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए। विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि पूर्व सैनिक संगठन जल्द ही जनपद के वीर शहीदों और विशिष्ट सैन्य सम्मान प्राप्त सैनिकों के नाम चिन्हित कर शासन और प्रशासन से उनके नाम पर स्मारक, मार्ग और प्रवेश द्वार स्थापित करने की मांग करेगा। बैठक में शेख खालिद, अर्जुन सिंह, मनीराम सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

आरक्षी से बने सब इंस्पेक्टर, एसपी ने सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

  – एसपी ने माला पहनाकर किया सम्मानित – ईमानदारी, निष्पक्षता व समर्पण से नई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *