Breaking News

अजनई कंपोजिट विद्यालय से पांच बोरी गेहूं चोरी

– विद्यालय की टूटी खिड़की दिखाते समिति के अध्यक्ष।
खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के अजनई कंपोजिट विद्यालय में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। चोर स्कूल के पीछे की खिड़की तोड़कर परिसर में घुस गए और वहां रखी गेहूं की पांच बोरी उठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर विद्यालय में हड़कंप मच गया। प्रधानाध्यापक ने मामले की तहरीर कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शमशेर अली ने बताया कि स्कूल में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि विद्यालय में हुई चोरी की जानकारी हर बार समिति को नहीं दी जाती, जिससे वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पाती। वहीं प्रधान पति दीप नारायण मौर्य ने विद्यालय में स्टाफ की कमी और लापरवाही को चोरी की घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विद्यालय से राशन, मिड-डे मील के बर्तन तथा गैस सिलेंडर चोरी हो चुके हैं। प्रधानपति का यह भी आरोप है कि इस बार करीब 25 बोरी गेहूं गायब हुआ है, जबकि विद्यालय प्रशासन केवल पांच बोरी चोरी होने की बात बता रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है, ताकि वास्तविक नुकसान का पता चल सके। उधर प्रधानाध्यापक नसीरुद्दीन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विद्यालय में हुई प्रत्येक चोरी की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी भी तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी और कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। बीईओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना स्टाफ की ओर से दी गई है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, इंजेक्शन को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

फतेहपुर। जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान 60 वर्षीय वृद्ध महिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *