फतेहपुर, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षा गृह में जिला सूचना विभाग की ओर से विकास चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदेश की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकासपरक उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों एवं सूचनाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में विकास कार्यों और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान के साथ अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न चित्रों और उनमें प्रदर्शित जानकारियों का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवाकाल से जुड़ी उपलब्धियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि चित्रों के जरिए विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचती है।
प्रदर्शनी आम नागरिकों के आकर्षण का केंद्र भी रही। लोगों ने यहां पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित चित्रों और जानकारियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

News Wani