Breaking News

माँ केन की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, करीना मौसी किन्नर- बोली समाजसेवियों ने झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई की उठाई मांग

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बाँदा । केन नदी आरती स्थल घाट पर माँ केन की भव्य महाआरती का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माँ केन की आराधना की। कार्यक्रम में समाजसेवी करीना मौसी किन्नर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माँ केन का आशीर्वाद लिया और दीपदान कर बाँदा जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। महाआरती के दौरान पूरा घाट ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय माँ केन’ के जयकारों से गूंज उठा।

महाआरती के उपरांत आयोजित चर्चा में जिले में कथित रूप से संचालित झोलाछाप डॉक्टरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जनपद के विभिन्न इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आवश्यक शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीकरण के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे स्थानों पर इलाज कराने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

समाजसेवी करीना मौसी किन्नर ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग के लोग अपनी मेहनत की कमाई इलाज के नाम पर खर्च कर रहे हैं। यदि बिना योग्य चिकित्सक के इलाज किया जा रहा है तो यह आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि ऐसे क्लीनिकों की जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि माँ केन की महाआरती में शामिल होकर उन्हें आत्मिक शांति मिली है। उन्होंने माँ से पूरे बाँदा जनपद के लोगों की खुशहाली और तरक्की की प्रार्थना की। साथ ही कहा कि समाज के कमजोर और गरीब वर्ग की मदद करना सभी की जिम्मेदारी है। वह आगे भी जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती रहेंगी।

इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने भी झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मानकों के संचालित चिकित्सा केंद्रों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति और गंगा समग्र की ओर से जनहित में इस मुद्दे को विभिन्न मंचों पर उठाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीति साहू, जिला मंत्री महेश कुमार ढोहिया, जिला प्रचार मंत्री विनय गुप्ता विकी, रजनीश प्रजापति, लोहा सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

जसपुरा के भुरवा नाले में मिला युवक का गोली लगा शव; सिर में गोली लगने के निशान,पास में तमंचा और कारतूस बरामद

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, जसपुरा (बांदा)। जसपुरा कस्बे के भुरवा नाले में मंगलवार शाम एक युवक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *