खागा, फतेहपुर। किशुनपुर थाना क्षेत्र की पहाड़पुर ग्राम पंचायत में राशन वितरण के दौरान कोटेदार के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। कोटेदार ने कुछ लोगों पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने, ई-पॉस मशीन तोड़ने का प्रयास करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पहाड़पुर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोटेदार के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह गांव में सरकारी राशन का वितरण कर रहे थे। इसी दौरान गांव के श्यामसुंदर अपने पुत्र मुकेश, अनूप और नूतन तथा साले राजा निवासी गुगवल के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने उनसे एक लाख रुपये की मांग की।
इस पर कोटेदार ने कहा कि जमीन के बयाने की रकम संबंधित व्यक्ति से मांगी जाए और उन्हें शांतिपूर्वक राशन वितरण करने दिया जाए। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर सभी लोग गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने मारपीट का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
कोटेदार का आरोप है कि हंगामे के दौरान राशन वितरण में इस्तेमाल होने वाली ई-पॉस मशीन को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर कोटेदार को बचाया और मशीन को सुरक्षित रखा।
कोटेदार के मुताबिक, पुलिस के आने की सूचना मिलते ही आरोपी धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पहाड़पुर पुलिस चौकी पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
