न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। जिले में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मरका थाना पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने करहुली गांव में छापेमारी कर हार-जीत की बाजी लगाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 की सुबह मरका थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि करहुली गांव में शिव मंदिर के पास कुछ लोग रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो लोग भागने में सफल रहे।
2150 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत पुत्र रामचन्द्र और शिवबालक पुत्र घासिल निवासी ग्राम करहुली, थाना मरका, जनपद बांदा के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपियों में मानसिंह पुत्र मुन्ना और राजेश पुत्र छेदीलाल निवासी करहुली शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से जुए की फड़ और आरोपियों की जामा तलाशी के दौरान कुल 2150 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इस मामले में थाना मरका में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कल्लूराम सरोज, हेड कांस्टेबल गजराज पटेल, कांस्टेबल पुनीत त्रिपाठी, विनोद यादव और रोहित यादव शामिल रहे।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
News Wani
