सुल्तानपुर में पंचायती राज मंत्री का बयान, बोले— कानून के तहत ही होंगे सभी कार्यक्रम
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को सुल्तानपुर में स्पष्ट किया कि सरकार और संत समाज के बीच टकराव से किसी का हित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान किया जाएगा, लेकिन सभी कार्यक्रम कानून और प्रशासनिक नियमों के तहत ही आयोजित किए जाएंगे। यूपी दिवस कार्यक्रम के अवसर पर सुल्तानपुर पहुंचे मंत्री राजभर ने प्रयागराज में चल रहे धार्मिक आयोजनों को लेकर कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आ रहे हैं और सरकार की प्राथमिकता उनकी सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी सरकार पर आती है, इसलिए नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। वीआईपी कल्चर पर सरकार सख्त मंत्री राजभर ने कहा कि प्रदेश की जनता वीआईपी कल्चर समाप्त करने की मांग कर रही है। इसी के तहत अब किसी को भी विशेष प्रोटोकॉल नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। मुख्यमंत्री पर टिप्पणी को बताया निजी विचार शंकराचार्य द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री राजभर ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना दृष्टिकोण होता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और पुलिस पूरी तत्परता से अपना दायित्व निभा रही है। सुल्तानपुर में हुआ स्वागत, योजनाओं की समीक्षा सुल्तानपुर आगमन पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह, भाजपा विधायक सीताराम वर्मा, विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, जिला अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी सहित अन्य नेताओं से मुलाकात कर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। मंत्री राजभर का यह बयान धार्मिक आयोजनों के दौरान आस्था, व्यवस्था और कानून के संतुलन को लेकर सरकार की नीति को स्पष्ट करता है।
News Wani
