Breaking News

मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में इलाज के नाम पर गरीबों की जेब पर डाका डालने के आरोप; CBI-ED से जांच की मांग पर गरजे ए. एस. नोमानी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए. एस. नोमानी ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज बांदा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले गरीब, मजदूर और किसान परिवारों को कई बार ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जो बेहद चिंताजनक हैं।

ए. एस. नोमानी ने कहा कि जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कथित लापरवाही, मरीजों को बाहर की महंगी दवाइयां लिखने, निजी मेडिकल स्टोरों से संभावित सांठगांठ और निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजे जाने जैसी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक गरीब मजदूर और किसान इस उम्मीद से सरकारी अस्पताल पहुंचता है कि वहां उसका मुफ्त या कम खर्च में इलाज हो जाएगा। लेकिन यदि उसे बाहर से हजारों रुपये की दवाइयां खरीदनी पड़ें, महंगी जांच करानी पड़े और ऑपरेशन के नाम पर अतिरिक्त पैसे देने की शिकायतें सामने आएं, तो आखिर गरीब व्यक्ति न्याय की उम्मीद किससे करे?

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुछ डॉक्टरों और मेडिकल स्टोरों के बीच किसी प्रकार का कमीशन का खेल चल रहा है? क्या सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को निजी क्लीनिकों और निजी अस्पतालों की ओर भेजा जाता है? इन सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए। यदि किसी डॉक्टर की निजी संपत्ति और आय के बीच असमानता है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए।

ए. एस. नोमानी ने सरकार से प्रमुख मांगें रखीं—

1. जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
2. डॉक्टरों की आय और संपत्ति की जांच संबंधित सक्षम एजेंसियों से कराई जाए।
3. बाहर की दवाइयां लिखने और मेडिकल स्टोरों से संभावित कमीशनखोरी की जांच हो।
4. ऑपरेशन और इलाज के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों की जांच कराई जाए।
5. मरीजों को निजी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में भेजने के मामलों की जांच हो।
6. दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

ए. एस. नोमानी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सीबीआई और ईडी जैसी सक्षम केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी जांच कराने की मांग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर निष्पक्ष कार्रवाई हो सके।

उन्होंने कहा कि अब शासन-प्रशासन को जागना होगा। यह किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं है, बल्कि बांदा के लाखों गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं अधिकारों का सवाल है। सरकारी अस्पताल जनता के टैक्स से चलते हैं, किसी की निजी कमाई का माध्यम बनने के लिए नहीं। मरीज पहले से ही अपनी बीमारी और आर्थिक परेशानी से जूझ रहा होता है, ऐसे में उसकी मजबूरी का फायदा उठाने की किसी को इजाजत नहीं दी जा सकती।

हमारी मांग स्पष्ट है—सरकारी अस्पतालों में गरीबों को सम्मानजनक और ईमानदार इलाज मिले, डॉक्टरों की जवाबदेही तय हो और स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 120 युवाओं को मिला रोजगार, बेरोजगार युवाओं को मिल रहे नौकरी के सुनहरे अवसर

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *