न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर बांदा जनपद के बबेरू क्षेत्र में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से उमाशंकर गुप्त, लवकुश बालिका विद्यालय, ओरन रोड बबेरू में आयोजित इस मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोजगार मेले में प्रदेश और अन्य राज्यों की 16 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए।
250 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
शनिवार को सुबह 10:30 बजे से शुरू हुए रोजगार मेले में करीब 250 बेरोजगार युवाओं ने पंजीकरण कराया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 120 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया गया। अपने गृह जनपद के नजदीक रोजगार मिलने से चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल रहा।
पूर्व विधायक ने किया रोजगार मेले का उद्घाटन
रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजन ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने में मदद मिलती है।
सेवायोजन विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सहायक निदेशक सेवायोजन वकील अहमद अंसारी, जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल सहित सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रोजगार मेले की व्यवस्थाओं को संभालने के साथ अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। सरकार की मिशन रोजगार पहल के तहत आयोजित इस मेले को स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
News Wani
