फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार संजय कुमार पटेल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जालंधर (पंजाब) स्थित 128 बटालियन में देश की सेवा कर चुके संजय कुमार पटेल टॉक्सिन नामक बीमारी से पीड़ित थे। उनका लखनऊ के गोमतीनगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सेना की एक टुकड़ी की मौजूदगी में उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बड़ौरी लाया गया। गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और पूरा गांव शोक में डूबा नजर आया।
संजय कुमार पटेल के परिवार की दो पीढ़ियों ने भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा और सेवा में योगदान दिया। उनके पिता स्वर्गीय रामनारायण भी भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात रहकर देश की सेवा कर चुके थे। संजय कुमार पटेल अपने पीछे पत्नी विजय लक्ष्मी उर्फ पिंकी, 18 वर्षीय बेटी समीक्षा और 10 वर्षीय बेटे अभिनव को छोड़ गए हैं। उनके भाई पंकज पटेल सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूबेदार संजय कुमार पटेल के निधन की सूचना मिलने पर प्रयागराज से पहुंची सेना की टुकड़ी ने सैन्य परंपरा के अनुसार सलामी देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान सूबेदार अमर सिंह, सूबेदार सुशील कुमार, सूबेदार सुखदेव, हवलदार धर्मेंद्र सिंह, हवलदार श्रवण कुमार सोनी, हवलदार संजय मिश्रा, हवलदार रतीभान और हवलदार दिनेश कुमार प्रजापति सहित अन्य सैन्यकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम विदाई के दौरान कल्याणपुर थाना पुलिस भी मौजूद रही। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार उन्नाव जनपद के बक्सर घाट पर किया गया, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
News Wani
