Breaking News

फतेहपुर में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, तहसील के बाहर हथियार लहराने वाले पांच आरोपियों की तलाश तेज

फतेहपुर। जमीन विवाद में तहसील के बाहर लाइसेंसी हथियारों के दम पर दबंगई दिखाने और खुलेआम दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नई तहसील के गेट के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान राइफल और पिस्टल समेत लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन करने वाले पांच नामजद आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले में एक आरोपी के वाराणसी पुलिस विभाग में तैनात होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 27 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र में नई तहसील के गेट के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम सरकंडी के निवासी हैं और एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। इस संबंध में दोनों ओर से अलग-अलग स्तर पर शिकायतें भी की गई थीं। विवाद के निस्तारण के लिए उन्हें राजस्व अधिकारियों के समक्ष अपने अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए तहसील बुलाया गया था।

आरोप है कि तहसील से बाहर निकलते समय दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो गया। इस दौरान प्रमोद तिवारी और उसके दो पुत्रों प्रांजल तिवारी व आयुष तिवारी ने लाइसेंसी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया। साथ ही मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

घटना के बाद पीड़ित महिला रेखा तिवारी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की। उनकी तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में कुल पांच आरोपियों को नामजद किया गया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रत्येक वांछित आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

वहीं, लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

About NW-Editor

Check Also

खेत से लौट रहे किसान की सड़क हादसे में गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

फतेहपुर। जोगिनहां-अमौली मार्ग पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *