Breaking News

फतेहपुर में पोल्ट्री कारोबार को मिलेगा बढ़ावा, 3 दिसंबर को होगा निवेश सम्मेलन

फतेहपुर। जनपद में मुर्गी पालन (पोल्ट्री फार्मिंग) को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में नए निवेश के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से आगामी 3 दिसंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पोल्ट्री फार्म संचालकों, उद्यमियों और इस व्यवसाय को शुरू करने के इच्छुक लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

सम्मेलन में सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के साथ ही आधुनिक एवं वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन के तौर-तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि निदेशक प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग के निर्देशों के क्रम में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कुक्कुट विकास नीति-2022 के तहत प्रदेश में निवेश बढ़ाने, पोल्ट्री क्षेत्र का समग्र विकास करने तथा सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पोल्ट्री फार्म संचालकों और उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही इस व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में प्रत्येक तहसील से एक सफल पोल्ट्री उद्यमी की सफलता की कहानी भी प्रस्तुत की जाएगी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित पंजीकरण प्रारूप पर प्रतिभागियों का विवरण तीन दिन के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सम्मेलन की रूपरेखा, समय-सारिणी और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।

विभाग को उम्मीद है कि इस आयोजन से जनपद में पोल्ट्री व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी और युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

About NW-Editor

Check Also

धाता में रामलीला मेले के दौरान उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रीराम-भरत मिलाप ने श्रद्धालुओं को किया भावुक

धाता, फतेहपुर। कस्बे के सूर्यकुंड पक्का तालाब परिसर में आयोजित श्री बजरंगबली रामलीला कमेटी (परिवर्तित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *