फतेहपुर। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में प्रशासक काल लागू होने के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास करने के लिए ग्राम पंचायतों में 160 निर्माण कार्यों पर 536.07 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग शौचालय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कक्षाओं में टाइल्स लगवाने, विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग तथा चहारदीवारी का निर्माण एवं मरम्मत भी कराई जाएगी।
वहीं, 646 विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के बैठने की बेहतर व्यवस्था के लिए डेस्क-बेंच की आपूर्ति पर पंचम वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग की योजनाओं के तहत 492.54 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
इसी क्रम में क्षेत्र पंचायतों के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं में भी सुधार किया जाएगा। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सात निर्माण कार्यों के लिए 85.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि से स्वास्थ्य केंद्रों में बाउंड्रीवाल, मरम्मत, रंगाई-पुताई, इंटरलॉकिंग और लेबर रूम सहित अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वीकृत कार्यों को क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से नियमानुसार कराया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
News Wani
