न्यूज़ वाणी ब्यूरो अतर्रा, बांदा)। तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अतर्रा में आज शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल एवं तकनीकी दक्षता को विकसित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण एवं चर्चित तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रहा।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में सीबीएसई की ओर से पधारे विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री मोहन दीक्षित जी एवं श्री आनंद शर्मा जी ने तथागत ज्ञानस्थली के समस्त शिक्षकों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों से आए हुय शिक्षकों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने एआई के विभिन्न पहलुओं, शिक्षा के क्षेत्र में उसके व्यावहारिक प्रयोग, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं तार्किक क्षमता विकसित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव ने अतिथि प्रशिक्षकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत करते हुए किया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागी शिक्षकों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर किरण कुशवाहा जी ने कहा कि, “आज के बदलते शैक्षिक परिवेश में तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना समय की आवश्यकता है। एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी शिक्षण क्षमता को और अधिक प्रभावशाली बनाने वाला सशक्त माध्यम है। हमारा उद्देश्य शिक्षकों को निरंतर सीखने के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर सकें।”
प्रधानाचार्या श्वेता श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, “एक अच्छा शिक्षक वही है जो स्वयं भी निरंतर सीखता रहे और समय के साथ अपने शिक्षण कौशल में नवीनता लाता रहे। एआई जैसी आधुनिक तकनीक को समझना और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करना आज प्रत्येक शिक्षक के लिए आवश्यक है।”*
कार्यशाला के समापन अवसर पर विद्यालय की ओर से दोनों विशेषज्ञ प्रशिक्षकों श्री मोहन दीक्षित जी एवं श्री आनंद शर्मा जी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर महोदया किरण कुशवाहा जी, प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव जी एवं प्राइमरी हेड शरद मैम सहित आए हुए सभी विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई। निश्चित रूप से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने के साथ-साथ विद्यालयों को आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम शिक्षण व्यवस्था की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
News Wani
