Breaking News

यातायात नियमों का पालन कर आदर्श नागरिक बनें छात्र: डॉ. पीयूष; मिशन शक्ति और साइबर क्राइम पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। यातायात माह के तहत शहर के सेंट जेवियर हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए शिक्षा विभाग (सड़क सुरक्षा), चित्रकूट धाम मंडल के मंडलीय समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नोडल छात्र की जिम्मेदारी सौंपते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही नशे की हालत में अथवा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए सभी को नेक मददगार के रूप में आगे आना चाहिए। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की शुरुआत अपने घर और परिवार से करनी चाहिए।

यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन लेकर स्कूल न आने की हिदायत दी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सुरक्षित स्कूली वाहनों के माध्यम से ही विद्यालय भेजने का आग्रह किया। वहीं, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं पत्रकार सुनील सक्सेना ने विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

मिशन शक्ति अभियान के तहत उपनिरीक्षक रेनू शर्मा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या प्रताड़ना की स्थिति में चुप रहने के बजाय माता-पिता और शिक्षकों को इसकी जानकारी दें तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लें।

साइबर सुरक्षा के विषय में उपनिरीक्षक सृष्टि नगायच ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने किसी के साथ भी ओटीपी साझा न करने और अभिभावकों की जानकारी के बिना डिजिटल गतिविधियों में शामिल न होने की सलाह दी।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक नवल किशोर चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से जागरूकता कार्यक्रम में दी गई सीख को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। इसके बाद डॉ. पीयूष मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 120 युवाओं को मिला रोजगार, बेरोजगार युवाओं को मिल रहे नौकरी के सुनहरे अवसर

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *