उत्तर प्रदेश के कानपुर में लुटेरी दुल्हन ने ऐसा खतरनाक खेल खेला कि दूल्हा और उसका परिवार सदमे में है. शादी की शहनाइयां अभी शांत भी नहीं हुई थीं कि एक दुल्हन ने अपना असली रूप दिखा दिया. शादी के महज तीसरे दिन नई नवेली दुल्हन ने अपने पति को पहले तो नशीला दूध पिलाकर बेहोश किया, फिर उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर उसे घायल कर दिया. उसके बाद घर में रखे लाखों के जेवर और नकदी लेकर वह रफूचक्कर हो गई.
दिल दहला देने वाला ये मामला बिल्हौर इलाके का है. यहां रहने वाले रमन गुप्ता की शादी नहीं हो रही थी. परेशान परिवार ने बिचौलियों को 1.10 लाख रुपये देकर आजमगढ़ की सोनल से उसकी शादी कराई थी. 27 अगस्त को धूमधाम से दोनों क शादी हुई थी, लेकिन 30 अगस्त की रात दुल्हन ने अपना असली रंग दिखा दिया. उसने दूल्हे को बेहोश करने के बाद न केवल लाखों की लूट को अंजाम दिया, बल्कि उस पर जानलेवा हमला भी किया.
अगली सुबह जब परिवार ने दूल्हे को कमरे में बेहोश देखा और दुल्हन सोनल को गायब पाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. दूल्हे को बेहोशी की हालत में ही तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. होश आने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई. पीड़ित परिवार ने अब लुटेरी दुल्हन और शादी कराने वाले बिचौलियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. थाना बिल्हौर इंसपेक्टर ने फोन पर बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. लुटेरी दुल्हन और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
News Wani
