आपने सुना होगा कि कई लोग ट्रेन से बहुत ज्यादा यात्राएं करते हैं. कुछ लोग कार से तो कुछ लोग बाइक, बस या अन्य साधनों से. लेकिन आपने शायद ही सुना होगा कि एक व्यक्ति ऐसा भी है, जो अब तक 2.4 करोड़ मील का हवाई सफर कर चुका है. यह दूरी इतनी ज्यादा है कि इसे समझने के लिए तुलना करनी पड़ेगी. यह पृथ्वी से चांद तक 50 बार आने-जाने के बराबर है. एयरलाइन वाले भी इस आदमी को अच्छे से जान गए हैं. इनका नाम है टॉम स्टूकर. उम्र 71 साल. और अब भी यह शख्स लगातार हवाई यात्राएं करता है और वो भी बिना किसी मकसद के. टॉम की कहानी काफी दिलचस्प है, क्योंकि एक समय वे हवाई यात्रा करने से उतना ही ज्यादा डरते थे, जितना कोई व्यक्ति मौत से डरता है. टॉम स्टूकर का जन्म न्यू जर्सी के एक छोटे से शहर नटली में हुआ था. वे कार डीलरशिप कंसल्टेंट और सेल्स ट्रेनर थे, और अपने काम के लिए उन्हें अक्सर ऑस्ट्रेलिया तक जाना पड़ता था. वे हवाई यात्रा करके ही वहां आ-जा सकते थे. शुरुआत में वे उड़ान से डरते थे. इस डर से उबरने के लिए उन्होंने प्रार्थना और रम (Bacardi) का सहारा लिया. उनके जुड़ा यह किस्सा काफी चर्चित है- एक बार लॉस एंजेलिस से सैन डिएगो की छोटी फ्लाइट में तकनीकी देरी के चलते उनकी बेचैनी इतनी बढ़ गई कि उन्होंने एक के बाद एक कई ड्रिंक ले ली. लैंडिंग के बाद वे इतने नशे में थे कि 20 मिनट तक सीट पर बैठे रहे, और बाकी यात्री उन्हें “वही वाला आदमी” कहकर पहचानने लगे. लेकिन बार-बार उड़ान भरते-भरते यह डर धीरे-धीरे उनके मन से निकल गया.साल 1990 में यूनाइटेड एयरलाइंस ने एक ऐसा ऑफर निकाला, जो अविश्वसनीय सा लगता है. यह था लाइफटाइम अनलिमिटेड फर्स्ट-क्लास पास. कीमत थी 2,90,000 डॉलर. इस पास से कोई व्यक्ति जीवनभर दुनिया में कहीं भी जा सकता था. कहीं भी, कभी भी वह भी फर्स्ट-क्लास में. ऐसा ऑफर इससे पहले न देखा गया था, और न ही उसके बाद. ऑफर निकला तो टॉम स्टूकर ने उसे लपक लिया. हालांकि दूसरे लोगों ने उसमें रुचि नहीं दिखाई. यह फैसला उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. 2009 में टॉम ने वह मुकाम हासिल कर लिया, जो आज भी कई ट्रैवलर्स के लिए सपना है. वे पहले व्यक्ति बने, जिन्होंने यूनाइटेड एयरलाइंस के साथ 1 करोड़ मील की उड़ान पूरी की. यह उपलब्धि किसी भी एयरलाइन के लिए एक बड़ी बात थी कि उसके साथ कोई व्यक्ति इतना ज्यादा बार उड़ा हो. यूनाइटेड एयरलाइन ने इस मौके को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया.

News Wani