इराक में अमेरिकी दूतावास पर हमला: धमाकों से दहला इलाका, आग की लपटों के बीच मचा हड़कंप

इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर मंगलवार को बड़ा हमला हुआ। विस्फोटक से लगे दो ड्रोन के जरिए दूतावास को निशाना बनाया गया। ड्रोन हमले के बाद जोरदार धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

दूतावास की सुरक्षा प्रणाली हमले को रोकने में रही नाकाम

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इराक के गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि दोनों ड्रोन दूतावास की सुरक्षा सीमा के भीतर गिरते ही फट गए और परिसर में आग लग गई। हमले के बाद दूतावास में लगे सायरन बजने लगे। बताया जा रहा है कि रक्षा प्रणाली आने वाले ड्रोन को इंटरसेप्ट नहीं कर सकी। हमले में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है, हालांकि आग लगने से दूतावास की इमारतों और अन्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी दूतावास को सोमवार शाम से निशाना बनाया जा रहा है।

बगदाद का ग्रीन जोन का इलाका बेहद सुरक्षित माना जाता है

बगदाद का ग्रीन जोन इलाका बेहद सुरक्षित माना जाता है। यहां इराकी सरकार की इमारतें, संसद और कई विदेशी दूतावास मौजूद हैं, जिनमें अमेरिकी दूतावास भी शामिल है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में यह इलाका कई बार रॉकेट और मोर्टार हमलों का निशाना बन चुका है।

इराक के मजनून तेल क्षेत्र को भी बनाया गया निशाना

इसी बीच इराक के तेल मंत्रालय ने बताया कि सोमवार देर रात दक्षिणी इराक के मजनून तेल क्षेत्र को भी दो ड्रोन से निशाना बनाया गया। तेल मंत्रालय के प्रवक्ता साहिब बाजून के मुताबिक, एक ड्रोन टेलीकॉम टावर से टकराया, लेकिन उससे कोई नुकसान नहीं हुआ। वहीं दूसरा ड्रोन वहां काम कर रही एक अमेरिकी कंपनी के कार्यालयों को निशाना बनाकर गिराया गया।

इजरायली हमले में मारे गए इराकी अर्धसैनिक संगठन के 6 सदस्य

दूसरी ओर, सोमवार को इराक के अर्धसैनिक संगठन लोकप्रिय लामबंदी बल ने दावा किया कि पश्चिमी प्रांत अनबार में हुए एक इजरायली हमले में उसके छह सदस्य मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। संगठन के मुताबिक यह हमला सीरिया सीमा के पास अल-कायम शहर में स्थित एक चेकपोस्ट पर किया गया था।

About NW-Editor

Check Also

आयरलैंड और ब्रिटेन में हिंसक प्रदर्शन, घर-दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी

आयरलैंड के बेलफास्ट में एक आयरिश व्यक्ति का सिर काटने की कोशिश के विरोध में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *