लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया। करीब 11 बजे से शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर रिमझिम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में बारिश की रफ्तार तेज हो गई।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हजरतगंज, गोमतीनगर, सरोजनीनगर, पीजीआई, पारा, दुबग्गा और मड़ियांव समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। सुबह से धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाएं चलने के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए बारिश और तेज आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मुताबिक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की भी संभावना है।
सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंचा दिन का तापमान
शुक्रवार को लखनऊ का दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम था।
अगले 24 घंटे तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अर्नब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटे के दौरान लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश जैसी स्थिति भी बन सकती है।
मौसम में अचानक आए बदलाव से राजधानी में ठंडक बढ़ गई है। लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है, हालांकि तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।
News Wani
