Breaking News

लखनऊ के क्लब में देर रात हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; पांच युवक गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र स्थित एक क्लब में देर रात जमकर हंगामा हुआ। निर्धारित समय सीमा के बाद भी डीजे बजाने और क्लब में युवकों के बीच विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ युवक शराब के नशे में थे और आपस में मारपीट कर रहे थे। पुलिस टीम ने जब उन्हें शांत कराने और क्लब से बाहर जाने के लिए कहा, तो युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि 26 अक्टूबर की रात किंग्स क्लब में 12 से 15 युवक मौजूद थे। निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान युवकों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर विभूतिखंड पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस का आरोप है कि कुछ युवक कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कराने की धमकी देने लगे। काफी समझाने के बाद भी जब युवक नहीं माने और हंगामा जारी रखा, तो स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने लाठियां चलाकर उपद्रव कर रहे युवकों को वहां से हटाया।

मारपीट में युवक घायल, पांच लोगों पर कार्रवाई

क्लब में हुए विवाद के दौरान लखीमपुर खीरी निवासी रजत गुप्ता के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना में वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर स्थिति नियंत्रित करने के बाद दोनों पक्षों के पांच लोगों रजत गुप्ता, शाश्वत पांडेय, अखंड सिंह, अभय प्रताप सिंह और आकाश सिंह को हिरासत में लिया। बाद में सभी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।

क्लब के सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने पर डीवीआर जब्त

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने का प्रयास किया, लेकिन सभी कैमरे बंद मिले। क्लब के मैनेजर से कैमरे बंद होने का कारण पूछा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के लिए क्लब का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, विवाद में शामिल कुछ युवकों का संबंध अनंत राजपूत नाम के व्यक्ति से होने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, क्लब के एंट्री रजिस्टर में संबंधित युवकों की एंट्री दर्ज नहीं मिली।

क्लब प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने निर्धारित समय सीमा के बाद क्लब संचालित करने, डीजे बजाने और सीसीटीवी कैमरे बंद रहने समेत अन्य बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम को जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज किया है। साथ ही क्लब प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

यूपी में बेमौसम बारिश से बदला मौसम, 20 जिलों में बरसात; किसानों की बढ़ी चिंता, तीन दिन तक अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *