लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के दूसरे दिन शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त जांच की व्यवस्था की गई है। केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को तीन स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ रहा है।
लखनऊ में परीक्षा के लिए कुल 45 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से केंद्रों में प्रवेश देना शुरू किया गया।
जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों को भी कड़ी सुरक्षा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। कई परीक्षा केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों के जूते-चप्पल उतरवाकर जांच की गई। इसके अलावा नथ, बाली और अन्य आभूषण पहनकर पहुंचीं अभ्यर्थियों से उन्हें उतारकर बाहर रखने को कहा गया। कुछ महिलाओं को अपने आभूषण परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद परिजनों या साथ आए लोगों को सौंपने पड़े।
आधार कार्ड और प्रवेश पत्र से ही मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को केवल आधार कार्ड और प्रवेश पत्र के आधार पर अंदर जाने की अनुमति दी गई। प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और रोल नंबर का मिलान किया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित कक्ष में भेजा गया। पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। अंतिम समय में पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के बाद प्रवेश दिया गया।
अमित शाह के दौरे को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी लखनऊ दौरा निर्धारित होने के कारण राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रही। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। गृह मंत्री के कार्यक्रम स्थल और परीक्षा केंद्रों के आसपास के मार्गों पर पुलिस निगरानी बढ़ाई गई। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट रहीं।
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
News Wani
