रूह कंपाने वाला मंजर: बुरी तरह फंसे थे लोग, हादसे में अब तक 9 मौत

 

सतना: मैहर में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर आ रही है। प्रयागराज से नागपुर जा रही बस के डंपर में घुसने से यह हादसा हुआ।   बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे 30 पर नादन देहात क्षेत्र में यह हादसा हुआ। रात के लगभग साढ़े 11 बजे आभा ट्रैवल्स की स्लीपर बस प्रयागराज से नागपुर की ओर जा रही थी। 53 सीटर इस बस में उस वक्त लगभग 45 यात्री सफर कर रहे थे। जैसे ही बस रीवा-जबलपुर फोरलेन पर चौरसिया ढाबे के पास पहुंची, यहां बस सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद जेसीबी और गैस कटर मंगाए गए। जेसीबी और गैस कटर की मदद से बस को काटकर लोगों को अंदर से निकाला गया। इनमें से कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतकों में एक 4 साल का बच्चा भी था। जबकि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना पर एसपी सुधीर अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। उनके साथ मैहर एसडीएम विकास सिंह, तहसीलदार जितेंद्र पटेल भी मौके पर थे। 24 घायलों में से 9 को अमरपाटन, 7 को मैहर सिविल और 8 को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात 2 बजे तक रेस्क्यू कार्य चल ही रहा था।
मैहर एसपी सुधीर अग्रवाल ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट तोड़कर बाहर निकाला गया। छह लोग मौके पर दम तोड़ चुके थे। 23 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाद में तीन अन्य की अस्पताल ले जाते में मौत हो गई।
Leave A Reply

Your email address will not be published.