बेगूसराय में एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के चकमुज्जफर गांव स्थित वार्ड नंबर-13 की है। मृतका विकास राम की पत्नी पूनम देवी (25) है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है। ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। घटना के संबंध में मृतका की बहन बबीता देवी ने बताया कि 7 साल पहले पूनम की शादी विकास के साथ हुई थी। विकास का प्रेम संबंध शादी से पहले से ही रिश्ते की भगिनी से चलता था। जिसको लेकर पति-पत्नी में बराबर मनमुटाव होता था। कल दोपहर में हमारी बहन से बात हुई थी, उसे समय तक ठीक थी। शाम में वह लड़की मेरे बहन के घर आई, तो विकास ने पूनम को पानी लेने के लिए भेज दिया।
जीजा ने बहन से कहा कि तुम जिन्दा ही नहीं होगी: पूनम जब पानी लेकर आई तो दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा। इस पर उसने कहा कि घर के सभी लोगों को बता देंगे। इसी बात को लेकर विकास ने फांसी लगाकर पूनम की हत्या कर दी। जीजा ने बहन से कहा कि तुम जिन्दा ही नहीं होगी, तो सब को कैसे बताओगी। मायके वालों से पति ने कहा कि कुछ नहीं हुआ है। आशंका होने पर रात में पहुंचे तो पूनम की लाश पड़ी हुई थी और घर के सभी लोग फरार थे। शादी के पहले से ही जीजा का अफेयर था। कल रात में 12 बजे मेरी बहन से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने कहा था सब्जी-रोटी मैंने खा लिया है। अभी टीवी देख रही हूं। वो लड़की मेरी गोतनी की रिश्तेदार है। उसने ही हत्या की जानकारी दी है। विकास के पक्ष से सदर अस्पताल आए लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले विकास के ससुर ने उसे एक ऑटो किस्त पर लेकर दिया था। अपनी बेटी को कहा था कि किस्त का पैसा रोज ले लेना, नहीं तो खर्च कर देगा। कल दोपहर में जब विकास ऑटो चला कर आया, तो पत्नी ने किस्त का पैसा मांगा। पति ने पैसा नहीं दिया। कहा कि बाद में देंगे। जिस पर दोनों में विवाद हो गया। विकास ऑटो पर पैसेंजर को लेकर पहुंचाने बरौनी चला गया। इसी झगड़ा से आहत होकर पूनम ने घर में ही पंखा से लटक कर अपनी जान दे दी है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।