हिमाचल प्रदेश में डॉ. राजीव बिंदल को फिर से भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। BJP मुख्यालय दीप कमल शिमला में सोमवार को आयोजित नामांकन प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ राजीव बिंदल ने ही नामांकन पत्र भरा है। BJP विधायक दल की तरफ से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसदों की तरफ से अनुराग ठाकुर और प्रदेश पदाधिकारियों की तरफ से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने राजीव बिंदल के नाम का प्रस्ताव किया है। सिंगल नामांकन होने के बाद स्पष्ट हो गया कि राजीव बिंदल को पार्टी दोबारा संगठन की कमान सौंप सकती है। अध्यक्ष पद की नामांकन प्रक्रिया से राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और इंदू गोस्वामी दोनों नदारद रहे। इन दोनों को अध्यक्ष पद का बड़ा दावेदार माना जा रहा था।
विधानसभा चुनाव हार गए थे बिंदल: राजीव बिंदल साल 2022 के विधानसभा चुनाव नाहन सीट से कांग्रेस के अजय सोलंकी से हार गए थे। वह 3 साल से अधिक समय तक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। मई 2020 में कोरोना काल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बिंदल को अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। साढ़े चार महीने तक 2020 में वह पार्टी अध्यक्ष रहे। साल 2023 में उन्हें दोबारा अध्यक्ष बनाया गया। अब उन्हें तीसरी बार अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है।
नेताओं का समर्थन सूत्र बताते हैं कि: राजीव बिंदल के नाम का समर्थन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर ने किया है। बिंदल का आरएसएस से भी जुड़ाव रहा है।
कल पीटरहॉफ में होगा अध्यक्ष का ऐलान: बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कल केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह शिमला के पीटरहॉफ में करेंगे। इसी तरह आज राष्ट्रीय परिषद सदस्य के 8 पदों को भी नामांकन भरे गए। इनकी छंटनी तीन बजे की जाएगी। शाम 5 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
6 महीने से लटका था अध्यक्ष का ऐलान: हिमाचल में BJP को 25 दिसंबर तक नया अध्यक्ष तय करना था। मगर, गुटबाजी और दूसरी अलग अलग वजह से काफी समय तक ऐलान लटका रहा। हालांकि बीजेपी ने प्रदेशभर में 18 लाख से ज्यादा नए सदस्य, जिला और ब्लॉक कमेटी का गठन बीते साल दिसंबर में ही कर दिया था। मगर, अध्यक्ष पर फैसला नहीं हो पा रहा था। अब लगभग यह तय हो गया कि साल 2027 का चुनाव राजीव बिंदल के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
BJP के राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य: डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनोट, राजीव भारद्वाज, इंदू गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य निर्वाचित किए गए हैं।
राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पद के 8 नामांकन: भाजपा के चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज ने बताया कि इस नामांकन प्रक्रिया के दौरान हमें राष्ट्रीय परिषद के सदस्य के लिए 8 नामांकन प्राप्त हुए जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, महामंत्री त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ.राजीव सहजल और संजीव कटवाल शामिल है।