Breaking News

फतेहपुर में बाढ़ के बीच प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने ट्रैक्टर से गांवों में पहुंचकर लिया हालात का जायजा

फतेहपुर। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने अपनी निगरानी और सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के साथ कटरी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया और जमीनी हकीकत परखी।

अधिकारी ट्रैक्टर पर सवार होकर अभयपुर-आशापुर समेत प्रभावित मजरों में पहुंचे। यहां उन्होंने जलभराव, आवागमन और राहत-बचाव व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूछा कि राहत सामग्री तथा जरूरी सुविधाएं समय से मिल रही हैं या नहीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बड़ाहार, सदानापुर और बिंदकी फार्म समेत अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों की जानकारी ली गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसपी ने अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डीएम ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविरों में साफ-सफाई, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने औंग और मलवां थाना क्षेत्रों के कटरी गांवों में भी बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की टीम ने जलभराव वाले इलाकों में आवागमन की स्थिति पर भी नजर रखी। डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक के ग्रामीणों के बीच पहुंचने से बाढ़ पीड़ितों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। निरीक्षण के दौरान विधायक राजेंद्र सिंह पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

कटोघन हाईवे हादसे में 53 वर्षीय सुनील की मौत, परिजनों ने बाइक चालक पर कार्रवाई की उठाई मांग

फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन हाईवे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *